रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब एक पेड़ पर 10 फुट लंबे अजगर को देखा, तो डर के मारे सबकी सांसें थम गईं।
चंडीगढ़ के सुखना लेक पर सुबह की शांत हवा में अचानक चीखों से हड़कंप मच गया। रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब एक पेड़ पर 10 फुट लंबे अजगर को देखा, तो डर के मारे सबकी सांसें थम गईं। एक शख्स की चीख के बाद वहां भगदड़ मच गई, लोग इधर-उधर भागने लगे।
सुखना लेक पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखा। मगर असली चुनौती थी उस विशालकाय अजगर को पेड़ से सुरक्षित नीचे उतारना। वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू किया। टीम के सदस्यों ने बताया कि शायद अजगर किसी शिकार के पीछे पेड़ पर चढ़ गया था।
खुशकिस्मती से किसी को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने सुबह की सैर को एक रोमांचक अनुभव बना दिया!
यह घटना रेगुलेटरी एंड के पास की बताई जा रही है, जहां सुबह बड़ी संख्या में लोग सैर के लिए आते हैं।
काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने काबू किया
रेस्क्यू टीम पेड़ के चारों तरफ खड़ी हो गई और टीम के सदस्य एक बड़े डंडे के साथ अजगर को पेड़ से नीचे उतारने की कोशिश करने लगे, लेकिन अजगर और पेड़ की ऊपर की ओर चला जाता। काफी देर तक ऐसा ही चलता रहा, लेकिन काफी मशक्कत के बाद जाकर रेस्क्यू टीम ने अजगर को काबू कर लिया।
वन विभाग के अधिकारी के मुताबिक अजगर को पेड़ पर कोई जानवर दिखाई दिया था, जिसे खाने के लिए वह पेड़ पर चढ़ गया।
