Prime Minister Narendra Modi on Thursday said that he spoke to his “friend, President Donald Trump” and congratulated him on the success of the historic Gaza peace plan.
दिल्ली में भाजपा : दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत दर्ज की है। चुनाव परिणामों के अनुसार, भाजपा को 48 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को केवल 22 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला, जिससे साफ है कि दिल्ली की जनता ने उसे पूरी तरह नकार दिया है। भाजपा को मिली इस बड़ी जीत के साथ वह दिल्ली में सरकार बनाती हुई दिख रही है।
प्रमुख नेता हुए पराजित
इस चुनाव में आप के कई दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, और सतेंद्र जैन जैसे बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। भाजपा ने यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर लड़ा और इस रणनीति ने पार्टी को भारी सफलता दिलाई।
दिल्ली में भाजपा में जश्न का माहौल
भाजपा की इस शानदार जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। दिल्ली भाजपा कार्यालय से लेकर अन्य सभी भाजपा कार्यालयों में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मना रहे हैं और मिठाइयां बांटी जा रही हैं।
अरविंद केजरीवाल ने दी भाजपा को बधाई
भारी हार के बावजूद आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को इस जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब उनकी पार्टी दिल्ली विधानसभा में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
पंजाब में भी भाजपा की जीत का असर
दिल्ली में भाजपा की जीत का असर पंजाब में भी देखने को मिल रहा है। भाजपा के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी के कथित विकास मॉडल को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह परिणाम पंजाब के लिए भी एक संकेत है, जहां अब आप की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
खन्ना ने आप सरकार पर साधा निशाना
अरविंद खन्ना ने एक बयान में कहा कि आम आदमी पार्टी ने झूठे वादों और दिखावटी घोषणाओं से जनता को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पंजाब में उनकी सरकार की विफलताओं ने उनका असली चेहरा उजागर कर दिया है। उन्होंने दिल्ली की जनता के फैसले को सराहनीय बताया और पंजाब के मतदाताओं से अपील की कि वे दिल्ली से सबक लें और आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को पूरी तरह सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार रहें।
भाजपा के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयां
खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पंजाब में भी भाजपा सरकार की जरूरत है, क्योंकि केवल भाजपा ही राष्ट्रहित में ईमानदार फैसले ले सकती है। अन्य पार्टियां केवल दिखावे की राजनीति में लगी हुई हैं और जनता को भ्रमित कर रही हैं।
उन्होंने पंजाब की जनता से अपील की कि वे आम आदमी पार्टी सरकार की विफलताओं को पहचानें और आगामी चुनावों में भाजपा को मजबूत जनादेश दें, जिससे राज्य में विकास की एक नई यात्रा शुरू हो सके।
भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत ने न केवल दिल्ली बल्कि पड़ोसी राज्यों में भी पार्टी को मजबूती दी है और आने वाले चुनावों में भाजपा के पक्ष में माहौल बनता दिख रहा है।
