अल्लू अर्जुन 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए: 'पुष्पा 2' प्रीमियर भगदड़ मामला
हैदराबाद पुलिस ने ‘पुष्पा 2’ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 4 दिसंबर को संध्या थिएटर में हुई भगदड़ की घटना के संबंध में की गई, जिसमें एक महिला की दम घुटने से मौत हो गई थी और उसके 8 वर्षीय बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
क्या है मामला?
4 दिसंबर को ‘पुष्पा 2’ का प्रीमियर हैदराबाद के संध्या थिएटर में आयोजित किया गया था। इस आयोजन में भारी संख्या में फैंस पहुंचे थे। अचानक, अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना बिना किसी पूर्व सूचना के थिएटर में पहुंच गए। उनकी एक झलक पाने के लिए उत्साहित फैंस की भीड़ में भगदड़ मच गई। इस हादसे में एक महिला की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।
शिकायत और जांच के बाद गिरफ्तारी
इस घटना के बाद, अल्लू अर्जुन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। मामले की जांच के दौरान, थिएटर के को-ओनर, मैनेजर, और निचली बालकनी के प्रभारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब पुलिस ने सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को भी घटना में लापरवाही और भीड़ नियंत्रण में चूक के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। भारतीय न्याय संहिता के तहत धारा 105 , 118 लगाई है ।
अल्लू अर्जुन पर लगे आरोप
पुलिस का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के अल्लू अर्जुन का थिएटर पहुंचना और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम न करना, इस घटना की मुख्य वजह बनी। उनकी गैर-जिम्मेदाराना हरकत ने एक महिला की जान ले ली और कई फैंस को मुश्किल में डाल दिया।
फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में हलचल
अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी से उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मच गई है। जहां कुछ लोग उनकी लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं उनके समर्थन में भी कई लोग सामने आ रहे हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में क्या खुलासा होता है और इस घटना का क्या अंजाम होता है।
